पिघलते आर्कटिक को जमाने का प्रस्ताव, आइसबर्ग बनाने वाली पनडुब्बी का इस्तेमाल होगा

वैज्ञानिकों के बीच नई बहस चल रही है कि जिस तरह धरती पर कार्बनडाइऑक्साइड कम करने के लिए पेड़ लगाए जा रहे हैं, उसी तरह क्या आर्कटिक की पिघलती बर्फ को दोबारा से जमाया जा सकता है? इंडोनेशियाई वैज्ञानिकों के प्रस्ताव के मुताबिक, आइसबर्ग (समुद्र में तैरता बर्फ की चट्टान) बनाने वाली पनडुब्बी से ऐसा किया जा सकता है। इंटरनेशनल डिजाइन कॉम्पिटीशन में इंडोनेशियाई डिजाइनर्स के इस प्रस्ताव को दूसरा स्थान हासिल हुआ।


इंडोनेशियाई टीम की अगुआई करने वाले 29 साल के आर्किटेक्ट फारिस रज्जाक कोटाहातुहाहा ने बताया कि बर्फ बनाने के लिए सबमर्सिबल लगी पनडुब्बी का इस्तेमाल किया जाएगा। यह पनडुब्बी 16 फीट मोटे और 82 फीट चौड़े षट्कोणीय (हेक्सागोनल) आइसबर्ग बनाने में सक्षम होगी।


इस तरह से बनाया जाएगा आइसबर्ग
पनडुब्बी को समुद्र की तलहटी तक ले जाया जाएगा, जहां उसमें पानी भरा जाएगा। पानी भरने के बाद एक प्रक्रिया से उसमें से नमक अलग कर लिया जाएगा। इसके बाद पानी का फ्रीजिंग पॉइंट (हिमांक) -15 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ाया जाएगा। यह प्रक्रिया जिस कंटेनर में की जाएगी, उसे सूर्य की किरणों से बचाया जाएगा।


वैज्ञानिकों के मुताबिक- कंटेनर में एक महीने में आइसबर्ग अपने आप तैयार हो जाएगा। षट्कोणीय आकार आइसबर्ग को जमाने में सहायक होगा। इसे आइस बेबी नाम दिया गया है।


सवाल भी उठे
आइसबर्ग बनाने का यह डिजाइन फिलहाल शुरुआती स्थिति में है। वैज्ञानिकों ने यह नहीं बताया कि उनके व्हीकल को ऊर्जा कहां से मिलेगी? अन्य वैज्ञानिकों का यह भी कहना है कि क्या पनडुब्बी इस थ्योरी पर काम कर सकती है।  


यूके की लीड्स यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर एंड्रयू शेफर्ड के मुताबिक- यह आइडिया तो कमाल का है। अगर हम पर्याप्त बर्फ बना पाए, तो इससे धरती के तापमान पर भी असर पड़ेगा। इससे बर्फ पिघलना और समुद्र तल का बढ़ना रुकेगा। लेकिन बीते 40 साल में जितनी बर्फ पिघली, उसे भरने के लिए करीब 1 करोड़ पनडुब्बियों की जरूरत होगी।


‘अलग तरह से काम करना होगा’
फारिस कहते हैं- आर्कटिक की बर्फ हर साल कम हो रही है। इसे भरने के लिए हमें नए तरीकों पर विचार करना होगी। अमीर देश तो पिघलने से रोकने के लिए सी-वॉल (समुद्र में दीवार) पर खर्च कर रहे हैं, लेकिन गरीब देशों के पास समुद्र तल बढ़ने से रोकने के लिए कोई बजट नहीं है। समस्या से निपटने के लिए हमें साथ मिलकर खड़ा होना होगा। इसके लिए अलग नजरिए से सोचना होगा।


Image result for arctic mahasagar